फर्रुखाबाद। मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश पर 28 सितंबर को उठने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी के समय में इस बार बदलाव कर दिया गया है। यही नहीं उठने वाले परचम की ऊंचाई भी आधी रहेगी। यह फैसला गणेश विसर्जन यात्राओं को लेकर लिया गया है।
सीरत कमेटी ने टाउन हाॅल स्थित कैंप कार्यालय पर पदाधिकारियों और सदस्यों संग शुक्रवार को बैठक की। कमेटी के सदर सैयद काज़ी मुताहिर अली ने कहा कि गुरुवार को सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने जुलूस को लेकर बैठक की थी। इसमें जुलूस में शामिल होने वाले 25 फीट ऊंचे परचम की वजह से हादसे की आशंका व्यक्त की थी। उन्होंने 12 फीट ऊंचाई करने की बात कही। इस पर सभी ने हामी भर दी। सेक्रेटरी गुलजार अहमद ने कहा कि गणेश विसर्जन यात्रा और जुलूस-ए-मोहम्मदी एक ही दिन पड़ रहे हैं। इसमें किसी को भी तकलीफ नहीं होनी चाहिए। हम लोग नबी यौमे पैदाइश मना रहे हैं यह खुशी का पर्व है।
अगर इस पर्व पर किसी को तकलीफ होती है, तो अल्लाह और अल्लाह के नबी नाराज होते हैं। लिहाजा बदलाव कर लिया जाए। कहा कि इस बार शाम पांच बजे की बजाय शाम सात बजे जुलूस उठाया जाए। इसमें हाजी मुजफ्फर हुसैन रहमानी, जुबैर अंसारी, रफी अहमद, खुर्शीद अहमद, अफरोज मल्लू, हाजी दिलशाद अहमद, आरिफ खान, हाजी अदील, सलमान कबीर, अराफात खान, बबलू खान, हाजी शराफत भोले, मिर्जा हसीन बेग, आसिफ कुरैशी, आसिफ अली आदि मौजूद थे।
-
जुलूस में डीजे की गाड़ी नहीं होगी शामिल
काज़ी मुताहिर अली ने कहा कि जुलूज में इस बार डीजे की गाड़ी शामिल नहीं की जाएगी। डीजे से अफरा-तफरी जैसा माहौल हो जाता है। यदि किसी ने भी बीच में डीजे शामिल किया, तो कमेटी की टीम कार्रवाई करेगी।
-
मरकजी गाड़ी सहित तीन गाड़ियां शामिल होंगी
सेक्रेटरी गुलजार अहमद ने कहा कि इस बार जुलूस में मरकजी गाड़ी सहित तीन गाड़ियां शामिल होंगी। अगर जुलूस में कोई अपने मोहल्ले की गाड़ी शामिल करना चाहता है, तो पहले सीरत कमेटी को सूचित करना होगा। बिना सूचना गाड़ी शामिल नहीं हो सकेगी। जुलूस में दो ऊंट होंगे। चार खलीफाओं के नाम गेट बनाए जाएंगे। अंजुमन स्कूल में जलसे में तकरीर बांदा के मौलाना आमिर मसूदी करेंगे।