फर्रुखाबाद। जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए रविवार को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। कई जगह उम्मीदवारों में वोेट निरस्त करने को लेकर झड़पें भी हुईं। प्रशासन के चाक चौबंद इंतजामों के बाद भी बदइंतजामी हावी रही।
जिले में सातों विकास खंडों की मतगणना एक साथ सुबह 8 बजे से शुरू कराई गई। बढ़पुर विकास खंड की मतगणना क्रिश्चियन इंटर कालेज, कमालगंज विकास खंड की मतगणना आरपी डिग्र्री कालेज, मोहम्मदाबाद विकास खंड की मतगणना मेजर एसडी सिंह इंटर कालेज, नवाबगंज विकास खंड की मतगणना जवाहर लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजेपुर विकास खंड की मतगणना गंगापार महात्मा गांधी इंटर कालेज, शमसाबाद विकास खंड की मतगणना एबी इंटर कालेज, कायमगंज विकास खंड की मतगणना आदर्श जनता इंटर कालेज पितौरा में हो रही हैं। मोहम्मदाबाद विकास खंड में आपाधापी के चलते करीब सवा घंटा देरी से गणना शुरू हुई। दोपहर बाद बीडीसी के परिणाम आने लगे थे। सियासी नेता मतगणना के परिणामों पर नजर जमाए रहे।
कमालगंज में मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लग पाए। मोहम्मदाबाद में एक ही सीसीटीवी कै मरा लग पाया। बढ़पुर में मतगणना स्थल के बाहर लोगों का हुजूम लगा रहा। सुबह मतगणना केंद्रों पर सख्ती रही। समय बीतने के साथ उम्मीदवारों के समर्थक मतगणना केंद्र के पास पहुंच गए। जीतने वाले बीडीसी सदस्यों ने जुलूस भी निकाले। धारा 144 लागू होने से जुलूस पर पाबंदी थी। इन्हें कि सी ने नहीं रोका। डीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी दिनेश कुमार पी और प्रेक्षक अजयदीप सिंह ने मतगणना स्थलों का जायजा लिया।