फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डे पर शनिवार रात चार्जिंग पर लगी हाथरस डिपो के परिचालक की टिकट मशीन चोरी हो गई। उसने चौकी पुलिस को तहरीर दी। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए। परिचालक स्थानीय डिपो से मैनुअल टिकट लेकर रवाना हो गया।
हाथरस डिपो में कार्यरत औरैया जिले के थाना एरवाकटरा के गांव नगला हरिराम निवासी परिचालक आकाश सिंह शनिवार शाम को बस लेकर बस अड्डे पर पहुंचे। रात में वह बस अड्डे पर ही रुक गए। उन्होंने बस अड्डा परिसर में बने चार्जिंग प्वाइंट पर टिकट मशीन लगा दी। इसके बाद वह आराम करने चले गए। सुबह उठकर देखा तो मशीन चार्जिंग प्वाइंट से गायब थी।
काफी खोजबीन के बावजूद उसे कुछ पता नहीं चला। जानकारी होते ही डिपो कर्मियों की हलचल बढ़ गई। परिचालक ने रोडवेज चौकी पर तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने बस अड्डे के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले, मगर कुछ पता नहीं चल सका।
इसके बाद परिचालक स्थानीय डिपो से मैनुअल टिकट लेकर रवाना हुआ। परिचालक ने बताया कि मशीन से यात्रियों की टिकट जारी होती है। इसके अलावा अन्य विभागीय लेखा जोखा भी रहता है। खुले में चार्जिंग पर लगाने के बाद सो जाना भी लापरवाही है। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली। चौकी पर शिकायत की होगी तो चोरों को तलाश किया जाएगा।