फर्रुखाबाद। तीन व्यापारियों से सोलह लाख रुपये का बिजली का सामान लेकर ठग फरार हो गया। पीड़ित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें एसपी के पास जाने की सलाह देकर टरका दिया।
फतेहगढ़ क्षेत्र के बेबर रोड निवासी अवनीश राठौर की इलेक्ट्रॉनिक के सामान की दुकान है। करीब तीन माह पहले हैदराबाद निवासी अमित कुमार ने अवनीश का मकान किराए पर लिया। वह पत्नी व दो बच्चों के साथ रहने लगा। अमित ने अवनीश को बताया कि वह बिजली का सामान खरीदकर अली बाबा वेबसाइट के जरिए नेपाल व भूटान सहित कई अन्य देशों में बेचता है। अमित ने अवनीश से बिजली का सामान खरीदना शुरू कर दिया और नकद भुगतान करता था।
बेवर रोड के दो अन्य बिजली दुकानदारों के यहां से पंखे सहित अन्य सामान खरीदने लगा। कुछ दिन पहले अमित ने अवनीश को बताया कि वह दस लाख का माल खरीदेगा और एक सप्ताह में भुगतान करा देगा। अवनीश ने तीन बार में दस लाख रुपये का सामान अमित को बेच दिया। दो अन्य दुकानदारों ने 6 लाख का माल बेचा। तीन मई को अमित पत्नी व बच्चों सहित घर से सामान समेटकर भाग गया। उसका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ हो गया।
व्यापारी अवनीश को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने गुरुवार को कोतवाली में पूरे घटना क्रम की जानकारी कोतवाल सचिन कुमार सिंह को दी। वहां अवनीश को बताया गया कि धोखाधड़ी का मुकदमा बिना एसपी के आदेश के दर्ज नहीं होगा। एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में पीड़ित कोतवाली से चला गया।