फर्रुखाबाद। 17 डाॅक्टरों की भर्ती होने के बावजूद शहर के तीन हेल्थ वेलनेस सेंटर संचालित नहीं हो पा रहे हैं। नौ डॉक्टरों पर 12 सेंटर चालू दिखाए जा रहे। दो सेंटर तो ऐसे हैं, जिनमें डॉक्टर न होने से फर्नीचर आदि सामान भी नहीं भेजा गया है।
शहर में 12 हेल्थ वेलनेस सेंटर पिछले कई माह से चालू दिखाए जा रहे हैं। इनमें नौ सेंटर दो माह पहले तक पांच डॉक्टरों के भरोसे चलाए गए। इससे चार सेंटरों पर स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं। अक्तूबर में एनएचएम के तहत 17 डॉक्टरों की संविदा पर भर्ती हुई। इससे उम्मीद जगी कि सभी सेंटर चालू हो जाएंगे और मरीजों से स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगेंगी। हालांकि चार हेल्थ वेलनेस सेंटरों में डॉक्टरों की नियुक्ति भी की गई। इसके बाद भी नौ हेल्थ वेलनेस सेंटर ही चालू हो सके। इसमें भी डॉक्टर मनमानी ड्यूटी कर रहे हैं।
मछली टोला स्थित हेल्थ वेलनेस सेंटर में दोपहर 1.30 बजे डॉक्टर की कुर्सी खाली थी। वहां मौजूद सहायक स्टाफ श्वेता ने बताया कि डॉ. पूजा कुछ देर पहले ही सीएमओ कार्यालय जाने की बात कहकर गई हैं। जबकि स्टाफ नर्स काजल सक्सेना व सहायक स्टाफ कविता केंद्र के लिए दवाएं उठाने गई हैं। इसके अलावा बेवर रोड भोलेपुर व बागरुस्तम में हेल्थ वेलनेस सेंटर अभी तक खुला ही नहीं। यहां फर्नीचर तक नहीं भेजा गया। जबकि कागजों में संचालित दिखाया जा रहा है। कागजों पर चल रहीं स्वास्थ्य सेवाओं से सरकारी बजट भले ही खर्च हो रहा है, लेकिन मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बोले जिम्मेदार
संविदा पर भर्ती किए गए कुछ डॉक्टरों ने अभी योगदान नहीं दिया है। इसके चलते सभी हेल्थ वेलनेस चालू नहीं हो सके। शीघ्र ही डॉक्टर की तैनाती कर सभी हेल्थ वेलनेस सेंटर चालू कर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी।
डॉ. अवनींद्र कुमार, सीएमओ फर्रुखाबाद।