फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने सोमवार को ब्लाॅक राजेपुर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का जायजा लिया। तीन शिक्षक अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय सिंह ने प्राथमिक विद्यालय रंपुरा, नगला जखा और पिथूपुर मेहंदिया का औचक निरीक्षण किया। सभी स्कूलों में पंजीकृत छात्र संख्या के सापेक्ष काफी कम उपस्थिति मिली। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापकों पर नाराजगी जताई। प्राथमिक विद्यालय नगला जखा में प्रधानाध्यापक संध्या राजपूत, सहायक अध्यापक रीता यादव और बेबी बानो अनुपस्थित पाई गईं। विद्यालय में शिक्षण कार्य भी नहीं किया जा रहा था। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए बीएसए को गैरहाजिर शिक्षकों का वेतन रोकने के आदेश दिए।