फर्रुखाबाद। कादरीगेट के नौगवां मुबारकपुर गांव में सोमवार रात बरात से लौट रहे बरातियों की बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दो युवकों को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
जनपद शाहजहांपुर थाना कलान के गांव भउआ नगला निवासी रजनीश (24), गांव लक्ष्मनपुर निवासी रामदीन (71), गांव अब्दुल्लानगर निवासी नेतराम (45), गांव अब्दुल्लानगर निवासी रवित कुमार (24), प्रेमपाल(45), शीलचंद्र(45), गांव लक्ष्मनपुर निवासी रमेश(35) सोमवार रात बोलेरो से कादरीगेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला सातनुपर में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए थे।
रात लगभग डेढ़ बजे सभी लोग बरात से वापस घर के लिए रवाना हो गए। बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर सुबह तीन बजे कलान थाना क्षेत्र के गांव नौगवां मुबारकपुर के सामने दूसरी ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में सवार सभी घायलों को रात में पुलिस ने लोहिया अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने रजनीश, नेतराम, रामदीन को मृत घोषित कर दिया। घायल रवित कुमार, प्रेमपाल, शीलचंद्र, रमेश का उपचार शुरू किया गया। हालत गंभीर होने पर प्रेमपाल व शीलचंद्र को रेफर कर दिया गया।
कलान थाना पुलिस ने लोहिया अस्पताल आकर घायलों के उपचार के बारे में जानकारी की। घायलों से घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस ने तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया।