फर्रुखाबाद। पुलिस ने कायमगंज में अवैध असलहा बनाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 10 असलहे, कारतूस व असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
कायमगंज के मोहल्ला कलाखेल में अवैध असलहा बनाए जाने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, जितेंद्र कुमार व पुलिस बल के साथ छापा मारा। वहां असलहा बनाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को एसपी आरती सिंह ने बताया कि अवैध असलहा बनाने में कायमगंज के मोहल्ला कला खेल निवासी तारीक खान, उसके भाई मुख्तयार खान व असद को गिरफ्तार किया गया है। मौके से 315 बोर की एक देशी रायफल, 12 बोर की एक देसी बंदूक, एक देसी 32 बोर की पिस्टल, 315 बोर के तीन तमंचे, 12 बोर के चार तमंचे बरामद हुए हैं। हाथ से भरे हुए 12 बोर के 70 कारतूस, 315 बोर के 17 कारतूस के अलावा 315 बोर के 20 कारतूस व 32 बोर के चार कारतूस मिले। उपकरण में 6 नाल 12 बोर की, दो हथौड़ा, क्लेंप, ड्रिल मशीन, रेती मशीन व रेती, पेचकस, आरी, कटर प्लास, दो किलो बांट, 6 स्प्रिंग, रेगमाल, तीन लोहे के पाइप, एक लकड़ी की चाप, बट, गैस सिलिंडर आदि बरामद किए।