कंपिल और कायमगंज रेलवे स्टेशनों के बीच नीलगायों के चपेट में आने के बाद
ट्रेन का इंजन बिगड़ने से यात्री तीन घंटे तक परेशान रहे। यह ट्रैक तीन
घंटे बाद चालू हो सका। खराब हुए पैसेंजर के इंजन को बदलकर ट्रेन को छह घंटे
बाद रवाना किया जा सका।
शुक्रवार शाम कासगंज से फर्रुखाबाद की ओर
जाने वाली 55302 पैसेंजर ट्रेन कायमगंज रेलवे स्टेशन से 6 किलोमीटर दूर ही
पहुंची थी कि ट्रैक पर नीलगायों का झुंड आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से
14 नीलगाय कटकर इंजन में फंस गईं। इससे ट्रेन का इंजन खराब हो गया। चालक ने
बमुश्किल ट्रेन को कायमगंज स्टेशन पहुंचाया । हादसे के बाद कासगंज से
फर्रुखाबाद जाने
वाली 15042 ट्रेन को रूदायन स्टेशन पर ही रोक दिया गया ।
55329 शिकोहाबाद-कासगंज ट्रेन को शाम 21.10 बजे कायमगंज पहुंचना था। इसे
शमसाबाद स्टेशन पर रोक दिया गया। स्टेशन अधीक्षक ने पीडब्लूआई मुरारीलाल
मीना को बुलाकर ट्रैक साफ कराया था। रात 10.50 बजे ट्रेनों का आवागमन
सुचारु हो सका । रूदायन से ट्रेन आने पर खराब हुई ट्रेन के यात्रियों
को
उसमें स्थानांतरित कर आगे रवाना किया गया। वहीं खराब इंजन से जुड़ी ट्रेन
को फर्रुखाबाद से मंगाए गए इंजन से जोड़कर रात 1.53 बजे फर्रुखाबाद के लिए
रवाना किया गया। इन तीन घंटों के दौरान ट्रेन में फंसे यात्री रेलवे स्टेशन
पर ही इधर उधर भटकते रहे।