कमालगंज। फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से तीन गोवंशों की मौत हो गई। लोको पायलट ने ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया।
गेटमैन ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। ट्रैकमैन ने पटरी से गोवंशों को हटाया, 15 मिनट बाद ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई। कानपुर-फतेहगढ़ राज्य मार्ग पर स्थित शेखपुर गुमटी संख्या 138-सी के निकट सोमवार रात करीब 9:30 बजे पैसेंजर ट्रेन फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही थी।
इसी दौरान ट्रैक को पार करते समय गोवंशों का झुंड ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे तीन गोवंशों की मौत हो गई। कुत्तों के झुंड ने गोवंशों के शवों को नोंचना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी होने पर मंगलवार को अखिल भारतीय गोरक्षा महासंघ के प्रदेश महामंत्री अब्दुल जब्बार, जिलाध्यक्ष हरिगिरि, ब्लॉक अध्यक्ष शिवशंकर व शिवम मौके पर पहुंचे।
बीडीओ त्रिलोक चंद्र ने प्रधान रामसेवक को जेसीबी मंगाकर गड्ढा खोदकर शवों को दफनाने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सालय से कर्मचारियों ने पहुंच जांच की। गाेरक्षा दल के लोगों ने जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर गोवंशों के शवों को दफनाया। ग्राम प्रधान रामसेवक ने बताया कि रेलवे ट्रैक के किनारे बेरिकेडिंग न होने से घटनाएं होती हैं। (संवाद)