दुष्कर्म के मामले में कोर्ट में किशोरी ने अपने बयान में प्रधानाचार्य सहित कई लोगों के नाम नहीं लिए हैं। सामूहिक दुष्कर्म में एक शिक्षक व उसके दो अन्य साथियों के शामिल होने की बात कही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी ने इंटर कालेज के प्रधानाचार्य सहित कई लोगों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में प्रधानाचार्य को प्रबंधक ने निलंबित कर दिया था। जांच कर रहे विवेचक दिनेश यादव के कई बार बुलाने के बाद किशोरी ने बयान दर्ज कराए थे।
प्रधानाचार्य ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग कर प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में एसपी ने सीओ सिटी राजवीर सिंह को जांच के आदेश दिए थे।
विवेचक ने कोर्ट में किशोरी के बयान दर्ज कराए। किशोरी ने कोर्ट में दिए बयान में शिक्षक प्रभात व उसके दो साथियों पर जेएनवी रोड पर एक कमरे में सामूहिक दुष्कर्म करने की बात बताई है। इस बयान में प्रधानाचार्य सहित अन्य लोगों के नाम नहीं लिए हैं।
इस मामले में सीओ सिटी राजवीर सिंह ने बुधवार को एसपी अशोक कुमार मीणा को जानकारी दी। एसपी ने कार्रवाई को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं।