फर्रुखाबाद। अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार सैनिक की मौत हो गई। सैनिक का पश्चिम बंगाल से अंबाला स्थानांतरण हुआ था। वह दस दिन के अवकाश पर घर आया था।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के इंद्रा कालोनी निवासी उपेंद्र राठौर(35) वर्ष 2009 में सेना में भर्ती हुए थे। वह पश्चिम बंगाल में तैनात थे। उनका स्थानांतरण पंजाब के अंबाला जनपद में हुआ था। वह 10 दिन के अवकाश पर 30 जून को घर आए थे। बुधवार शाम सात बजे वह स्कूटी से बाजार जा रहे थे।
कोऑपरेटिव बैंक के सामने अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। उपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपेंद्र को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर पिता सूरजपाल सिंह, मां प्रतिभा सिंह, भाई ज्ञानेंद्र, शिवेंद्र लोहिया अस्पताल पहुंचे। उपेंद्र को वहां से सेना के अस्पताल में ले आए। रात को लगभग 11 बजे उपेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पत्नी सीता देवी व मां प्रतिभा का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। उपेंद्र के एक तीन माह का पुत्र युवांक है। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।