कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की छात्रा का बाइक पर सवार दो युवकों ने पीछा किया। इसके बाद बाग में खींच ले जाने की धमकी दी। छात्रा ने बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गुरुवार दोपहर क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय छात्रा कायमगंज में कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर साइकिल से अपने घर जा रही थी। तभी बाइक पर सवार दो युवकों ने उसका पीछा किया। गांव पितौरा स्थित पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के कोल्ड स्टोर के पास उसकी साइकिल रोक ली और उससे गालीगलौज करने लगे। एक ने कहा इसकी साइकिल फेंक दो और बाग में खींच ले चलो। तभी सामने से बाइक पर सवार तीन लोग आ गए। उन्हें देखकर दोनों युवक भाग गए। इसके बाद छात्रा ने अपने पिता को फोन किया। पिता ने यूपी 112 नंबर पुलिस को फोन किया। पुलिस ने छात्रा को उसके पड़ोसी गांव तक पहुंचाया। छात्रा ने बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। चौकी प्रभारी दिनेश भारती ने बताया कि छात्रा को बयानों के लिए न्यायालय पेश किया है, बयानों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।