फर्रुखाबाद। शहर में अराजकतत्वों पर निगरानी करने के लिए 14 स्थानों पर तीसरी आंख का सहारा लिया जाएगा। 42 सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम पर 25.51 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए स्कूल, अस्पताल, व्यापारिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता होगी। इनका संचालन सोलर से करने की योजना है। इसका टेंडर भी हो चुका है।
शहर में होने वाली घटनाओं पर नजर रखने के लिए इस समय पुलिस को निजी प्रतिष्ठानों, घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों का सहारा लेना पड़ता है। कई बार इन कैमरों के बंद होने पर बड़ी दिक्कत खड़ी होती है। ऐसे में शहर को सेफ सिटी बनाने की मंशा परवान चढ़ने लगी है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिला स्तरीय समिति में पास कार्ययोजना में शामिल प्रस्ताव पर अब छह माह बाद अमल होने की उम्मीद बंध गई है।
नगर पालिका 14 स्थानों पर 42 सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। यह कैमरे छह मीटर ऊंचे खंभों पर लगाए जाएंगे। यही नहीं इसका अलग से कंट्रोल रूम भी स्थापित होगा। सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम को बिजली के बजाय सोलर पैनल से संचालित किया जाएगा। इस पूरी योजना पर 25,51,266 रुपये खर्च होने की संभावना है।
योजना के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया जाएगा, जहां छात्र-छात्राओं, महिलाओं, व्यापारियों, मरीजों का अधिक आना जाना हो। चौराहों, तिराहों को भी सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इससे माना जा रहा है कि कुछ महीने में ही काम शुरू कर दिया जाएगा। सीसीटीवी लगने के बाद अराजकतत्वों को पकड़ने में खासी आसानी होगी।
पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाने के सभी तैयारियां पूरी कर लीं गई हैं। टेंडर हो चुका है। बरसात खत्म होते ही सीसीटीवी लगवाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।