फर्रुखाबाद। गांव पपियापुर में मजदूर के घर में घुसकर चोरों ने पौन किलो चांदी के साथ ही सोने के जेवर व नकदी पार कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। तहरीर के बावजूद पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
थाना कादरीगेट क्षेत्र के गांव पपियापुर निवासी माजिद अली पुत्र जाकिर अली मजदूरी करते हैं। उनके दो बेटे व दो बेटियां हैं। उनके घर के कमरों में दरवाजे नहीं हैं। बुधवार रात माजिद, पत्नी शमा परवीन व बच्चों के साथ आंगन में सो गए। रात किसी समय चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए। चोरों ने कमरे में रखे बक्सों व अलमारी का ताला तोड़कर अलमारी व बक्से में रखी नकदी व जेवर चोरी कर ले गए।
शुक्रवार भोर जब शमा परवीन उठीं और कमरे में गईं तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी व बक्से के ताले टूटे थे। यह देख उनकी चीख निकल गई। माजिद व अन्य परिजन कमरे में गए तो चोरी की जानकारी हुई। माजिद ने आईटीआई चौकी पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने जाकर जांच की। माजिद ने बताया कि चोर 45 हजार रुपये, चांदी व सोने के जेवर चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि करीब ढाई-तीन लाख का नुकसान हुआ है। तहरीर आईटीआई चौकी में दे दी है।
कादरीगेट थाना प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी नहीं है। आईटीआई चौकी इंचार्ज से जानकारी की जाएगी। अगर तहरीर मिली है तो रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही खुलासा किया जाएगा।