फर्रुखाबाद। जीएसटी कालोनी में चोरों ने पांच आवासों के ताले तोड़ दिए। एक आवास से चोर एलईडी टीवी, कूलर व पीतल के बर्तन सहित अन्य सामान चोरी करके चंपत हो गए। अन्य चार आवास खाली पड़े थे। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर जांच करने नहीं पहुंची।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन जीएसटी कालोनी में क्वार्टर नंबर एक में रंजीत परिवार सहित रहता है। वह विभाग में संविदा पर इलेक्ट्रीशियन के पद पर तैनात है। शुक्रवार को मां रीता की तबीयत खराब होने पर रंजीत पत्नी खुशबू व बहन रीता के साथ पैतृक आवास याकूतगंज चला गया था। आवास पर ताला पड़ा था।
शनिवार रात चोरों ने रंजीत सहित पांच आवासों के ताले तोड़ दिए। चार आवास खाली थे। चोर रंजीत के आवास से एक एलईडी टीवी, कूलर, पीतल के बर्तन व अन्य सामान चोरी कर ले गए। रविवार सुबह पड़ोसी अरविंद ने रंजीत सहित अन्य आवासों के ताले टूटे देखे।
अरविंद की सूचना पर रंजीत परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। कमरे में सामान बिखरा हुआ था। चोर कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। रंजीत ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। रंजीत ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।