फर्रुखाबाद। नौकरी लगवाने के नाम पर युवक ने तीस लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर गालीगलौज कर धमकी दी। एएसपी के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
शहर कोतवाली के आवास विकास कालोनी निवासी सर्वेश कुमार जिला पंचायत कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सर्वेश कुमार की कुछ वर्ष पहले जनपद फैजाबाद की आवास विकास कालोनी अयोध्या निवासी मनोज कुमार मिश्रा से जान-पहचान हो गई। मनोज ने सर्वेश को बताया कि वह नौकरी लगवाने का काम करता है।
सर्वेश ने रिश्तेदार की नौकरी लगवाने के संबंध में मनोज से बात की। मनोज ने नौकरी के एवज में पचास लाख रुपये की मांग की। सर्वेश ने 25 लाख रुपये नकद व पांच लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो मनोज से रुपये वापस मांगे। मनोज ने दो चेक दिए। खाते में रुपये नहीं होने से चेक बाउंस हो गया। मनोज से इस संबंध में बात की तो वह गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। मामले में सर्वेश ने शहर कोतवाली में तहरीर दी।
वहां पुलिस ने मामला फतेहगढ़ कोतवाली का होने की बात कहकर वापस भेज दिया। एएसपी के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।