फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला ग्वालटोली निवासी ऑल इंडिया पसमांदा समाज के प्रदेश अध्यक्ष शाकिर अली शुक्रवार देर रात शहर कोतवाली के मोहल्ला छावनी में लालू मंसूरी के घर रवीउल्लाह मंसूरी व हाथीखाना के सुल्तान मंसूरी के साथ आए थे। आरोप है कि घात लगाए बैठे जमीअतुल मंसूर संस्था के जिलाध्यक्ष हाजी सुल्तान मंसूरी ने सहयोगियों की मदद से हमला बोल दिया। मारपीट में उनके काफी चोटें आईं। हाजी सुल्तान मंसूरी ने तहरीर में कहा कि वह जमीअतुल मंसूर के प्रदेश अध्यक्ष रवीउल्लाह मंसूरी के बुलाने पर गया था। एक कार्यक्रम को लेकर चर्चा चल रही थी। उसी दौरान शाकिर अली फोन पर बात करते हुए सुल्तान मंसूरी को गाली देने लगे। विरोध करने पर शाकिर अली ने लाइसेंसी रिवाल्वर से जानलेवा फायर किया। इससे वह बच गए। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर में एक दूसरे पर आरोप लगाया हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)