15 दिन में ही फिर से द्वितीय फीडर की ओसीबी फुंक गई। इससे संबद्ध इलाकों
की बिजली गुल हो गई। हालांकि विभाग ने प्रथम फीडर से जोड़कर द्वितीय फीडर
के उपभोक्ताओं को बिजली देने की कोशिश की। 16 जनवरी को रूटौल
उपकेंद्र पर लगी द्वितीय फीडर की ओसीबी बुशिंग खराब हो गई थी। इससे यह
ओसीबी बैठ गई। फतेहगढ़ से आए मिस्त्री ने इसे ठीक कर अगले दिन सप्लाई चालू
कर दी थी।
शुक्रवार को ओसीबी फिर खराब हो गई। इससे रात को तो विभाग ने
प्रथम फीडर से जोड़कर द्वितीय फीडर के उपभोक्ताओं को बिजली दे दी। दिन में
द्वितीय फीडर की बिजली ठप रहने से संबद्ध इलाकों में पानी का संकट खड़ा हो
गया। शनिवार को विभाग ने फतेहगढ़ से मिस्त्री राजेश को बुलाकर ओसीबी की
मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। जेई गजेंद्र सिंह का कहना है कि रात को
द्वितीय फीडर के उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से सप्लाई दी जाएगी।
22
जनवरी को द्वितीय फीडर को सप्लाई देने वाला 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर भी
फुंक गया था। इसे 28 जनवरी को अलीगढ़ से लाकर बदलवा दिया गया है। इसे अभी
फीडर से नहीं जोड़ा गया। जेई ने बताया कि देर रात ट्रांसफार्मर को फीडर से
जोड़ा जाएगा। इन दिनों पूरा बिजली उपकेंद्र जुगाड़ से चल रहा है। जेई ने
बताया कि जल्द ही द्वितीय फीडर पर ओसीबी के स्थान पर बीसीबी लगवाने का
प्रयास किया जाएगा।
प्रथम फीडर के लिए रात दिन मशक्कत
प्रथम फीडर की फुंकी केबिल को बदलने में हो रही देरी से इसके साथ ही कंपिल
फीडर की भी सप्लाई प्रभावित हो रही है। विभाग ने केबिल बदलने के लिए अभी
तक रेलवे से न तो अनुमति ली और न ही विभाग ने केबिल उपलब्ध कराई है। इससे
प्रथम फीडर की सप्लाई राम भरोसे है।
24 जनवरी को नगर के प्रथम फीडर को
सप्लाई देने वाली मुख्य केबिल फुंक जाने से सप्लाई प्रभावित हो गई थी।
हालांकि विभाग ने कंपिल फीडर की केबिल से जोड़कर प्रथम फीडर को सप्लाई दी।
इसके तहत प्रथम फीडर को रात 10 से सुबह 6 बजे तक बिजली मिलने के बजाय रात
10 से 2 बजे तक बिजली दी जा रही है। दोपहर 12 बजे के बाद केबिल को कंपिल
फीडर से जोड़कर कंपिल को बिजली दी जाती है।
इसके बाद फिर कंपिल को हटाकर
कायमगंज का प्रथम फीडर जोड़ा जाता हैै। रात में कर्मचारी सो जाते हैं तो
कंपिल की बिजली सारी रात गुल रहती है। प्रथम फीडर की केबिल चीनी मिल के
पास रेलवे लाइन के नीचे से होकर गई है। इसे खोद कर निकालने के लिए रेलवे की
अनुमति लेना आवश्यक है। विभाग ने अभी तक न तो अनुमति ली और न ही केबिल का
ही कोई इंतजाम किया गया है। एसडीओ जेराम ने बताया कि केबिल का स्टीमेट भेज
दिया गया और रेलवे की अनुमति का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने 2-3 दिन
में केबिल बदलवाने का भरोसा दिया है।
बिजली चोरी के मुकदमे झूठे बता दिया ज्ञापन
कायमगंज।
बिजली चोरी में गुरुवार को दर्ज कराए गए मुकदमों को हिंजामं ने गलत बताया
है। इन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर मुकदमे वापस न होने पर आंदोलन की
चेतावनी दी। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जेई
गजेंद्र सिंह ने सलेमपुर टिलियां निवासी 15 ग्रामीणों के खिलाफ बिजली चोरी
का मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके खिलाफ शनिवार को हिंदू जागरण मंच के
महामंत्री प्रदीप सक्सेना ने एसडीएम एके सिंह को ज्ञापन दिया। इन्होेंने इन
मुकदमों को झूठा करार दिया। उन्होंने बताया कि जब गांव में विद्युतीकरण ही
नहीं कराया गया है तो फिर ग्रामीणों पर बिजली चोरी के मुकदमे क्यों थोपे
जा रहे हैं। इन्होंने एसडीएम से जांच कर झूठे मुकदमे वापस लिए जाने की मांग
की। चेतावनी दी कि
यदि मुकदमे वापस न लिए गए तो वे आंदोलन के लिए बाध्य
होंगे। इस दौरान प्रेमबाबू, भूरे यादव, सोबरन, जयपाल, बबलू, सुदीप, जवाहर,
वीरपाल, रमेश चंद्र, श्याम सिंह, सुभाष आदि मौजूद रहे। एसडीएम ने इन्हें
जांच का भरोसा दिया।
बिजली चोरी में 17 के खिलाफ रिपोर्ट
कंपिल/शमसाबाद।
अभियान के तहत कंपिल और शमसाबाद में बिजली विभाग के अवर अभियंताओं ने 17
लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शनिवार को कंपिल
में अवर अभियंता विनोद कुमार गंगवार ने बिजली चेकिंग की। इस दौरान टीम ने
बाबूराम, रामसनेही, महेंद्र कुमार, ध्रुव सिंह और शेर सिंह निवासी
सुल्तानपुर राजकुमार, जोगराज, दुर्वेश कुमार, बबलू और
भगवानदास निवासी
बहलोलपुर को कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ लिया। जेई ने इन सभी के
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीम में महेंद्र पाल, नितीश कुमार और रहमान
खां आदि लोग शामिल रहे। शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार जेई मोहित लवलानी
ने रामकिशन, मनोज कुमार, बसंत कुमार, जय सिंह, कल्लू, मोहन कुमार, रतिराम
और सुरेशचंद्र निवासी ललौर के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चेकिंग टीम में एसएसओ ब्रजेश यादव और झब्बूराम आदि शामिल रहे।
कमालगंज
प्रतिनिधि के अनुसार जेई विजय पाल यादव ने सुजीत कुमार, रामसेवक, शिवशरण,
श्रीपाल निवासी चंदनपुर और श्रीकृष्ण तथा गजराज निवासी नगरिया गहलवार के
खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।