फर्रुखाबाद। चोरों ने एक ही रात तीन जगह के ताले तोड़ लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। दूध डेयरी मालिक के घर से चोर लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। उधर, चोरों ने सराफा और मोबाइल की दुकान का शटर उचका कर लाखों का माल पार कर दिया। डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को तहरीर दे दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी बालकिशन राठौर की दूध डेयरी है। रविवार की रात चोर चैनल का ताला तोड़कर बक्सा उठा ले गए, साथ ही बालकिशन के पेंट से नगदी निकाल ली। सूचना पर दरोगा सुभाषचंद्र यादव ने जांच पड़ताल की। बालकिशन ने बताया कि चोर करीब 3 लाख रुपये के जेवर और करीब 8 हजार रुपये ले गए। मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई।
उधर, इसी कोतवाली के सेंट्रल जेल चौराहा के पास राजेश की सराफा की दुकान है। रविवार की रात चोरों ने शटर उचकाकर चांदी के जेवर और नगदी पार कर दी। सराफा दुकानदार राजेश ने बताया कि चोर उसके यहां से करीब 10 किलो चांदी और नौ हजार रुपये चोरी कर ले गए। वहीं, इसी के पास में गांव निनौआ निवासी बादल कटियार की मोबाइल तीन मोबाइल और 6 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया। कुत्ता आस्कर सफल नहीं हुआ।
पुलिस ने बालकिशन की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं सराफा दुकानदार राजेश सोनी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया।