फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कला निवासी हर्षित कटियार ने गांव मसेनी निवासी शातिर सोनू उर्फ बिलैया व उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि 13 सितंबर की शाम घर के बाहर दोस्त करन ठाकुर से बात कर रहा था। उसी दौरान सोनू उर्फ बिलैया व उसके साथी आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सोनू ने तमंचे की बट सिर में मार दी। साथी लाठी-डंडे चलाने लगे। हर्षित बचने के लिए घर के अंदर भागा तो पीछे से आकर इन लोगों ने पथराव कर दिया। सोनू हाथ में तमंचा लेकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। हर्षित ने तमंचा लिए हुए वीडियो पुलिस को दिया है। इंस्पेक्टर आमोद सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया गया। शातिर व उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। (संवाद)