कायमगंज। नगर के मोहल्ला चिलांका निवासी युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक युवती टीबी की बीमारी से परेशान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला चिलांका निवासी 19 वर्षीय रागिनी के पिता लज्जाराम फुटपाथ पर खिलौने बेचकर परिवार का खर्च चलाते हैं। रागिनी की मां ऊषा देवी की 15 वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। रागिनी बीते तीन-चार साल से टीबी रोग से ग्रसित थी। इससे उसकी शादी भी नहीं हुई। पिता ने छोटी बेटी की शादी कर दी। सोमवार को पिता अलीगढ़ खिलौने आदि लेने चले गए। घर पर रागिनी व उसके दो भाई प्रांशू (12) व अभिषेक (10) थे।
मंगलवार भोर में रागिनी ने कमरे के अंदर दुपट्टे को कुंडे से फंसाकर फंदा लगा लिया। दोनों भाई बिस्तर से उठकर दरवाजे पर आग जलाकर तापने लगे। काफी देर बाद रागिनी के चाचा घर पहुंचे और उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो परिजनों को आत्महत्या की जानकारी हुई। परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया। चाचा रामविलास ने बताया वह बीमार रहती थी।
सुबह घर में नाश्ता करने के लिए वह भाई व भतीजों को बुलाने आए थे। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।