फर्रुखाबाद। जहानगंज क्षेत्र निवासी बाबा की मौत के बाद अमावस्या को गंगा किनारे दीपक देने आया युवक नहाते समय तेज धार में बह गया। किनारे पर बैठे परिजन देखते ही रह गए। चीख-पुकार पर पहुंची फ्लड पीएसी ने कई घंटे खोजबीन की, मगर नाकामी हाथ लगी। परिजन देर शाम तक गंगा की लहरों को निहारते रहे। उसकी चार माह पहले ही शादी हुई थी।
जहानगंज थाने के गांव बंदरखेड़ा निवासी शिवम (22) के बाबा रामपाल का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। शिवम अपनी मां सावित्री देवी, बड़े भाई ब्रजेंद्र आदि परिजनों के साथ शुक्रवार को अमावस्या के दिन पांचाल घाट गंगा में दीपक देने के लिए आया था। बताते हैं कि शिवम दीपक देने से पहले गंगा में नहाने के लिए जैसे ही घुसा, तो चंद देर में तेज लहरों में समा गया। घाट पर बैठे परिजन देखते ही रह गए। चीख पुकार पर पहुंचे गोताखोरों और फ्लड पीएसी ने मोटरबोट से कई घंटे खोजबीन की। गंगा की धार में शाम तक कुछ पता नहीं चल सका। परिजन देर शाम तक गंगा तट पर ही शिवम का पता लगने की आस में डटे रहे। शिवम की अप्रैल में हरदोई निवासी मोहिनी के साथ शादी हुई थी। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।