ब्लाक क्षेत्र के गांव अमलैया आशानंद में ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद 20 फीट लंबे अजगर को पकड़ लिया। इसकी जानकारी पर पहुंचे वन दरोगा ने अजगर को छुड़वा दिया। इस कारण ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
गांव अमलैया आशानंद निवासी रानू गंगवार गुरुवार सुबह अपने खेत में लगे ट्यूबवेल पर गऐ। खेत में अजगर देख रानू गंगवार दंग रह गए।
उन्होंने गांव जाकर अजगर होने की जानकारी दी। गांव के लोग रानू के साथ खेत पर पहुंचे । प्रमोद गंगवार, संजीव गंगवार, ब्रजेश गंगवार, पप्पू गंगवार, झंगड़ी गंगवार और सुनील गंगवार ने अजगर को लकड़ी के सहारे रस्सी से बांध लिया। करीब 20 फीट लंबे अजगर को देख ग्रामीण सहम गए।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन विभाग के दरोगा शमसुद्दीन को दी। दरोगा ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों से अजगर को कुछ दूरी बिल के पास छुड़वा दिया। इस कारण बैरमपुर, करुआपुर, असगरपुर, नगला नान, सुतहड़ी और अमलैया के ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को अजगर को पकड़कर वन में छुड़वाना था। लेकिन दरोगा ने ऐसा नहीं किया। बिल के पास छुड़वा दिया है।
इससे कभी भी कोई घटना घटित हो सकती है। वन विभाग के दरोगा शमसुद्दीन ने बताया कि अजगर को पकड़कर बाहर छुड़वाने की कोेई व्यवस्था नहीं थी। इसलिए उसे छुड़वा दिया गया।