फर्रुखाबाद। कायमगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत भागीपुर उमराह में पंचायत सहायक का पात्रता के आधार पर चयन न करने में जिलाधिकारी ने प्रधान को नोटिस जारी किया है। विपक्षी के पात्र पाए जाने पर प्रधान पांच माह तक चयन प्रक्रिया लटकाए रहीं। 15 दिन में नोटिस का जवाब न मिलने पर डीएम ने प्रधान को अधिकार सीज करने की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ग्राम पंचायत भागीपुर उमराह की प्रधान मीरा देवी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें कहा कि 9 जुलाई 2025 का पंचायत सहायक का चयन करने के आदेश दिए गए थे। 13 से 31 जुलाई तक पंचायत सहायक पद पर तीन आवेदन आए। मेरिट लिस्ट में विपक्षी का नाम सबसे ऊपर होने से प्रधान ने बैठक का एजेंडा ही जारी नहीं किया। इससे चयन प्रक्रिया अधूरी पड़ी है। 13 जनवरी को समीक्षा में पता चला कि अभी तक पंचायत सहायक का चयन नहीं किया गया। विपक्षी का पंचायत सहायक होने से प्रधान ने पांच माह तक चयन प्रक्रिया लंबित रखी। इस मामले में सचिव विजय शंकर से भी जवाब मांगा गया है। जिलाधिकारी ने प्रधान मीरा देवी को 15 दिन के अंदर नोटिस का साक्ष्यों के साथ संतोषजनक जवाब न देने पर अधिकार सीज करने की चेतावनी दी है। डीपीआरओ राजेश चौरसिया ने बताया कि प्रधान ने पंचायत सहायक की तैनाती को दो बार अवरूद्ध किया गया। पंचायत सहायक तैनात न होने कई सरकारी कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं।