कायमगंज। पार्सल उतारने को लेकर हुए विवाद में एक टेंपो चालक के साथ मारपीट कर दी। चालक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के पुल गालिब तिराहा निवासी सूरज राठौर टेंपो चालक हैं। वह फर्रुखाबाद से पार्सल लेकर कायमगंज आए थे। बाल गोपाल अस्पताल के पास सुल्तानपुर निवासी अंकित गंगवार के यहां पार्सल देने के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि अंकित गंगवार ने पार्सल टेंपो से नीचे उतारने को कहा, जिस पर सूरज ने तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए असमर्थता जताई और नियमानुसार पार्सल लेने वाले द्वारा ही सामान उतारे जाने की बात कही। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि अंकित गंगवार और उनके चाचा ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से सूरज के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी ने बताया कि पार्सल उतारने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। (संवाद)