कमालगंज। पैकेट वाले दूध में मिलावट कर उसे गाढ़ा बनाकर बेचने की शिकायत जिलाधिकारी से की गई। इस पर खाद्य विभाग की टीम ने कस्बे की एक दुकान से पैकेट वाले दूध के नमूने लिए।
कस्बा निवासी एक युवक ने जिलाधिकारी संजय कुमार से शिकायत की कि कस्बा के चौराहे पर स्थित एक दुकान पर चार कंपनियों का पैकेट बंद दूध बेचा जा रहा है। दूध में मिलावट कर उसे अधिक गाढ़ा कर बेचा जाता है।
इस पर मंगलवार दोपहर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजेंद्र व आशीष कुमार ने सोनू चौरसिया की दुकान पर पूछताछ की। यहां मौके पर मिले दो कंपनियों के दूध के नमूने लिए। आशुतोष राय ने बताया के नमूनों की जांच कराई जाएगी। कंपनी से ही दूध में मिलावट होने की शिकायत की गई है। दुकानदार पर मिलावट का आरोप नहीं लगा है।
वहीं, मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव मदनपुर स्थित दुग्ध अवशीतन केंद्र से प्रभारी राहुल दुबे की मौजूदगी में दूध, गांव रठौर में ताजपुर रोड स्थित श्याम प्रताप सिंह की दुकान से बेसन, कमालगंज के जहानगंज रोड स्थित लईक खान की दुकान से टोस्ट, गांव अजीजलपुर में आसिम खान के किराना स्टोर से पैक्ड चूरन गोला का नमूना लिया गया।