फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: टंकी से मात्र 50 घरों में होती जलापूर्ति

विज्ञापन
फोटो-25 गांव कक्योली में बच्चों के साथ विशेष सचिव डॉ.वंदना वर्मा। संवाद
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की विशेष सचिव वंदना वर्मा ने सोमवार को आकांक्षात्मक खंड नवाबगंज क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान टंकी से मात्र 50 घरों में जलापूर्ति और दो वर्ष से निर्माणाधीन आरोग्य मंदिर देखकर नाराजगी जताई। विशेष सचिव ने अन्य कार्यों में भी सुधार करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


शासन ने आकांक्षात्मक खंडों को सभी सरकारी योजनाओं से संतृप्त करने के आदेश दिए हैं। जिले में नवाबगंज और राजेपुर दो आकांक्षात्मक खंड हैं। वंदना वर्मा दोपहर में विकास भवन पहुंची और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने 50 संकेतकों पर अगस्त माह की प्रगति की समीक्षा की। नवाबगंज के आठ और राजेपुर के 12 संकेतकों की प्रगति कम मिली। विशेष सचिव ने संस्थागत प्रसव, गर्भवती की जांच व देखभाल, 9 से 11 माह के बच्चों के टीकाकरण और नियमित पूरक पोषण की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। दोनों खंडों में शिष्य व शिक्षक अनुपात 30 से कम होने पर समायोजन की अनुमति मिलने पर सुधार को कहा गया। कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का औसत कम मिलने पर विद्यालयवार कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के बाद विशेष सचिव नवाबगंज पहुंची और खंड सभागार में समीक्षा की। उन्होंने सीएचसी के निरीक्षण के दौरान ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान धरना दे रही आशा कार्यकर्ताओं ने सचिव को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद वह गांव ककिउली पहुंची। वहां पीएमश्री विद्यालय में पानी की टोटियां टूटी और खराब रास्ता देखकर सुधार के लिए कहा।
विज्ञापन


ग्रामीणों ने पूछताछ में बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी से बमुश्किल 50 घरों में ही जलापूर्ति हो रही है, जबकि कनेक्शन अधिक घरों में हैं। इस पर सचिव ने सभी घरों में जलापूर्ति शुरू कराकर अवगत कराने को कहा। उन्होंने दो वर्ष से अधूरा बना आरोग्य मंदिर देखकर नाराजगी जताई और निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पीडी कपिल कुमार और डीपीओ सुनील कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें