कमालगंज। रायगढ़ से सरिया लादकर गाजियाबाद जा रहे ट्रक को छीन कर भगा ले जाने की सूचना पर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने जनपद की सीमा व भोजपुर चौकी के पास बैरियर लगा दिया। कुछ देर बाद कस्बा के मुख्य मार्ग पर ट्रक खड़ा मिला। देर रात ट्रक मालिक को सौंप दिया गया।
शनिवार सुबह थाना पुलिस को सूचना मिली कि जिला कन्नौज के जसोदा टोल प्लाजा के पास रायगढ़ से गाजियाबाद जा रहे ट्रक को कुछ लोगों द्वारा छीन लिया है। ट्रक पर सरिया लदी थी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने खुदागंज स्थित जनपद की सीमा व भोजपुर चौकी के पास बैरियर लगवा दिया।
कुछ समय बाद पता चला कि कस्बा के हनुमान मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर एक ट्रक खड़ा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे से ट्रक खड़ा है। ट्रक से चालक सहित तीन लोग नीचे उतरे और वीडियो बनाकर चले गए। इंस्पेक्टर ने नंबर से मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के सुंदर नगर निवासी पूर्णिमा देवी का ट्रक है। देर रात पहुंचे ट्रक स्वामी ने बताया कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा चालक लवकुश सिंह से ट्रक छीन लिया था। देर शाम ट्रक मालिक को सौंप दिया गया। (संवाद)