डीपीएमयू कार्यालय में टपक रहे बरसात के पानी से बचाने के लिए ढके रखे कंप्यूटर व भीगी फाइलें।
- फोटो : डीपीएमयू कार्यालय में टपक रहे बरसात के पानी से बचाने के लिए ढके रखे कंप्यूटर व भीगी फाइलें।
फर्रुखाबाद। युवाओं को स्वावलंबी बनाने वाले कर्मचारियों के ऊपर मौत का साया मंडरा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत चलने वाले जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) कार्यालय जर्जर अवस्था में है। बरसात होते ही उसमें पानी टपकने लगता है। सोमवार सुबह बारिश से कार्यालय में रखी महत्वपूर्ण फाइलें भीग गईं। कर्मचारियों ने पहुंचकर कंप्यूटर आदि उपकरणों को पन्नी आदि से ढका।
जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में डीपीएमयू कार्यालय जर्जर भवन में चल रहा है। कार्यालय की स्थिति यह है कि छतों में दरारें आ गई हैं। शौचालय आदि भी जर्जर हैं। बरसात होते ही भवन टपकने लगता है। प्लास्टर भी टूटकर गिरता है। कार्यालय में आउटसोर्सिंग से प्रबंधक के पद पर आशीष कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर सुभांग मिश्र व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दिलीप पांडेय की तैनाती है। सोमवार को प्रबंधक आदि कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो कार्यालय की छत टपक रही थी, जिससे फाइलें भीग गई थीं। कंप्यूटर भी भीगने लगे। कर्मचारियों ने पन्नी आदि से उपकरणों को ढका।
प्रबंधक कक्ष में पानी भर गया था। प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि इमारत काफी समय से जर्जर है। कई बार मरम्मत की मांग कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती। नोडल प्रभारी व आईटीआई प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने बताया कि डीपीएमयू के जर्जर भवन की मरम्मत जल्द ही कराई जाएगी। बरसात तक किसी दूसरी जगह कर्मचारियों को बैठाया जाएगा।