नवाबगंज। पड़ोसी की आढ़त पर खड़े होकर बात करते वक्त बाइक पर टंगा नकदी भरा झोला लेकर लुटेरे फरार हो गए। कुछ दूर निकलने के बाद आढ़ती को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीओ ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
कस्बा निवासी राजीव गुप्ता की फर्रुखाबाद मार्ग पर गल्ला की आढ़त है। वह बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अपने पड़ोसी गल्ला विक्रेता बिलग्राम सक्सेना की दुकान पर बाइक खड़ी करके बातचीत कर रहे थे। उनकी बाइक पर 1.84 लाख रुपये से भरा थैला टंगा था।
इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने आढ़ती की बाइक पर टंगा नकदी भरा थैला उतार लिया और भाग गए। आढ़ती राजीव ने पीछे मुड़कर देखा, तो झोला गायब था। सूचना पर राजीव गुप्ता के भतीजे पारस गुप्ता और थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आसपास दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
दिनदहाड़े व्यापारी का रुपये भरा झोला ले जाने की घटना की सूचना मिलते ही सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने थाना पुलिस को शीघ्र ही खुलासा करने के निर्देश दिए। प्रभारी थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
व्यापारियों में आक्रोश पनपा
नगर के चारों मार्गों पर गल्ला खरीद का बड़ा कारोबार है। रोजाना करोड़ों रुपये का लेन-देन होता है। इसके बावजूद सुरक्षा प्रबंध मुस्तैद नहीं है। आढ़ती के साथ हुई घटना के बाद से व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि घटना का शीघ्र ही खुलासा किया जाए। आगे ऐसी कोई वारदात न हो इसके लिए पुलिस व्यवस्था दुरुस्त हो।