श्रृंगीऋषि मंदिर के पास पर्यटन विभाग द्वारा लगाया गया बोर्ड।
- फोटो : श्रृंगीऋषि मंदिर के पास पर्यटन विभाग द्वारा लगाया गया बोर्ड।
कमालगंज। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को तीर्थस्थली श्रृंगीरामपुर में लगने वाले दशहरा मेला की तैयारी दुकानदारों ने शुरू कर दी हैं। मेले में प्रदेश के कई जिलों के साथ ही मध्यप्रदेश के श्रद्धालु भी पुण्य की डुबकी लगाने आते हैं। खास बात यह कि तीर्थस्थल की सड़कें तो सुधर गईं पर, छिबरामऊ-फतेहगढ़ मार्ग से आए उधरनपुर- श्रृंगीरामपुर तक मुख्य सड़क बदहाल है। कई स्थानों पर सड़क उखड़ी पड़ी है।
तीर्थस्थली श्रृंगीरामपुर को ग्राम्य पर्यटन योजना में शामिल किए जाने के बाद दशहरा मेला पहला बड़ा मेला होगा। तीर्थ पुरोहितों के अनुसार चार जून की शाम से दशहरा मेला शुरू हो जाएगा। जो पांच जून को अपने पूरे शबाब पर होगा। छह जून तक भरपूर मेला रहेगा। पर्यटन विभाग के साथ ही ग्राम पंचायत की ओर से भी काम कराए गए हैं। संयोगिता मार्ग से शमशान घाट सीसी रोड बनकर तैयार हो गया है। महुआ घाट मंदिर तक की सड़क भी बन गई। पर्यटन विभाग ने कई स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगवाए हैं। प्रवेश द्वार भी भव्यता लिए हैं।
वहीं श्रृंगीरामपुर चौराहे से गंगा घाट तक करीब 2.5 किलोमीटर का कच्चा व बलुई रास्ता काफी खराब है। कई स्थानों पर गड्ढे हैं। दूसरे जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य सड़क उधरनपुर-रजीपुर-श्रृंगीरामपुर मार्ग है। इसकी हालत दयनीय है। अनेक स्थानों पर सड़क उखड़ी पड़ी है। मेले से पहले दोनों सड़कें सही कराए जाने की मांग की जा रही है। ग्राम प्रधान पिंटू यादव ने कहा कि गांव में सड़क बन जाने से लोग श्रृंगीऋषि मंदिर वाले रास्ते से भी गंगा घाटों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने मुख्य सड़क को जल्द सही कराए जाने की भी मांग भी की।