जहानगंज थाने में खड़ी कार। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
जहानगंज । बहोरिकपुर- मोहम्मदाबाद मार्ग पर चीता मोबाइल के होमगार्ड ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने होमगार्ड पर कार चढ़ा दी। होमगार्ड कार का गेट पकड़कर लटक गया। अनियंत्रित कार सरसों के खेत में घुुस गई। चालक सहित कार में सवार लोग भाग गए। घायल होमगार्ड को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव सिरौंज निवासी होमगार्ड अजय दीक्षित व सिपाही निरंजन रविवार की रात चीता मोबाइल पर बहोरिकपुुर- मोहम्मदाबाद मार्ग पर ड्यूटी कर रहे थे। गांव अजीजलपुुर के सामने होमगार्ड व सिपाही बाइक रोक कर खड़े थे। इसी दौरान उन्हें मोहम्मदाबाद की ओर से कार आती दिखाई दी। होमगार्ड ने कार को रोकने के लिए टार्च जलाकर इशारा किया।
चालक ने कार होमगार्ड के ऊपर चढ़ा दी। होमगार्ड कार का गेट पकड़कर लटक गया। कार अनियंत्रित होकर सरसों के खेत में घुस गई। चालक सहित कार में सवार लोग भाग गए। होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। सिपाही निरंजन दौड़कर कार के पास पहुंचा। उसने यूपी 112 पर सूचना दी। होमगार्ड अजय को सीएचसी पहुंचाया गया।
डॉक्टर ने होमगार्ड की हालत गंभीर देखकर उसको लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। कार में बकरियों का गोबर पड़ा था। शराब की बोतल व पन्नी में मीट रखा हुआ मिला। सिपाही निरंजन ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस का मानना है कि कार में सवार लोग बकरी चोर रहे होंगे। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।