संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। जिले में गुरुवार रात हुई झमाझम बारिश से 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गईं। इससे नौ बिजली उपकेंद्र ठप हो गए। कई उपकेंद्र घंटों बंद रहने से क्षेत्र की बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश से रात में 33 केवी लाइनों पर कहीं फाल्ट हुआ तो कहीं पेड़ की डालें तारों में छूने से लाइन ब्रेकडाउन हो गई। 33केवी लाइन ट्रिप होने से गुरुवार भोर शहर के ठंडी सड़क, लकूला व फतेहगढ़ उपकेंद्र ठप हो गए। हालांकि कुछ देर बाद लाइन चालू हो जाने से बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। वहीं कमालगंज उपकेंद्र 33केवी लाइन के फाल्ट से घंटों बंद रहा।
अमृतपुर। 33केवी लाइन रात में ब्रेकडाउन होने से तहसील क्षेत्र के चारों बिजली उपकेंद्र ठप हो गए। इससे क्षेत्र के लगभग 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। सुबह कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग की तो एक स्थान पर पेड़ की टूटी डाल 33केवी लाइन पर रखी मिली। कर्मचारियों ने मरम्मत कर किसी तरह फाल्ट ठीक किया। करीब 15 घंटे बाद लाइन चालू होने पर बिजली आपूर्ति शुरू की जा सकी। अवर अभियंता होरीलाल वर्मा ने बताया कि फाल्ट ठीक होने के बाद 33केवी लाइन को कुठिला झील से हटाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया। इससे ग्रामीणों को दिन में भी बिजली नहीं मिल सकी। काम खत्म होने के बाद बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन 33केवी लाइन में फाल्ट से क्षेत्र की बिजली गुल हो जाती है। इससे 18 घंटे की जगह लोगों को आठ घंटे भी बिजली मिलना मुश्किल है।
सात घंटे नहीं रही नवाबगंज में बिजली
नवाबगंज। 33केवी लाइन में शुक्रवार भोर करीब चार बजे फाल्ट आने से नवाबगंज व हजियापुर उपकेंद्र ठप हो गए। जानकारी पर कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग की तो सिरमौरा बांगर में लाइन पर पेड़ की डाल रखी मिली। डाल हटाकर सुबह करीब 6.30 बजे दोनों उपकेंद्र चालू किए गए। इसके बाद नवाबगंज कस्बे में फीडरों पर लोकल फाल्ट शुरू हो गए। इससे उपभोक्ताओं को 11 बजे बिजली मिल सकी। कस्बे में सुबह बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा। लोगों ने पानी के लिए दूरदराज लगे हैंडपंपों का सहारा लिया।