फर्रुखाबाद। जनपद के सभी अधिकारी अब सुबह नौ बजे से अपने कार्यालय में बैठकर सुनवाई करेंगे। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में शिकायतें बढ़ने पर नाराजगी जताई। इस पर प्रमुख सचिव ने सभी अधिकारियों को विभाग से संबंधित शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारित करने के आदेश दिए हैं।
प्रमुख सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने जिलाधिकारी को जनता दर्शन के संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा कि आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने से मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में फरियादियों की संख्या बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं कि 90 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण स्थानीय थाना, तहसील, ब्लाॅक व जिला स्तरीय कार्यालयों में ही हो जाना चाहिए। शिकायतों पर सुनवाई न हाेने से फरियादी मुख्यमंत्री के दरबार में पहुंच रहे हैं। सभी अधिकारी सुबह नौ बजे से अपने कार्यालय में बैठकर 11 बजे तक सुनवाई करेंगे।
शिकायतकर्ता से वार्ता करने के बाद ही निस्तारण आख्या अपलोड की जाए। भूमि विवाद व पैमाइश के मामलों को तहसील व थाना समाधान दिवस में दर्ज कर राजस्व व पुलिस टीम भेजकर शीघ्र निस्तारण कराया जाए। स्थलीय निरीक्षण वाले मामलों में दो निष्पक्ष गवाहों के बयान, उसका नाम-पता व मोबाइल नंबर के साथ निस्तारण आख्या अपलोड की जाए। जिन मामलों में शिकायतकर्ता का असंतुष्ट फीडबैक हो, उनमें अधिकारी वार्ता करने के साथ स्थलीय निरीक्षण कर बयान सहित आख्या भेजें। कहा कि शिकायतों के निस्तारण की मुख्यमंत्री स्वयं समीक्षा करेंगे।