फर्रुखाबाद। जिला जेल के बंदी की मौत पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से होना सामने आई है। जिला जेल के गेट पर पुलिस ने भाई तोता व बहनोई आसिफ को शव सुपुर्दगी में दिया।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर दीनारपुर के मजरा शिवराम नगर निवासी फिरोज खान (36) की पत्नी हुुस्नाबानो (35) ने ससुराल में 30 जनवरी को फांसी लगा ली थी। कानपुर की कोतवाली बिल्हौर के गांव मकनपुर निवासी भाई राहत अली ने बहनोई फिरोज, भाई तहसीम व सास रहीशन बेगम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पति फिरोज, भाई तहसीम व सास रहीशन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
रविवार को फिरोज की तबियत खराब होने पर उसको जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार रात फिरोज का शव डॉक्टर के कक्ष में अटैच बाथरूम में अंगौछे से फंदे पर लटका हुआ मिला था। जानकारी पर तहसीलदार व कोतवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला जेल के जेलर ने अखिलेश कुमार ने बताया कि लिखित सुपुर्दगी नामा जेल प्रशासन को मिल गया है।