पुरानी रंजिश को लेकर सोमवार को दिनदहाड़े कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर सड़क पर दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक को घायल कर दिया। दिनदहाड़े गोलियां चलने से दुकानदारों और ठेलीवालों में भगदड़ मच गई। घायल युवक ने कलेक्ट्रेट गेट से कचहरी पहुंच कर अपनी जान बचाई।
गोलियों की आवाज सुनकर चंद कदमों की दूरी पर स्थित एसपी कार्यालय से पुलिस कर्मी जब तक आए, तब तक हमलावर असलहे लहराते हुए फरार हो गए। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घायल के भाई ने छह नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी मोनू यादव उर्फ संदीप सोमवार को कचहरी में गया था। यहां से वह जिला पंचायत कार्यालय अपने निजी काम से गया। वहां से वह अपने मित्र के साथ बाइक पर बैठकर 1.30 बजे कचहरी लौट रहा था। कलेक्ट्रेट गेट के बाहर तिराहे पर एक युवक ने हाथ देकर बाइक रुकवाई और दो युवकों ने मोनू को बाइक से नीचे खींच लिया।
वहां मौजूद हमलावरों के साथियों ने मोनू पर फायर करने शुरू कर दिए। फायर होने से दुकानदारों और ठेलीवालों में भगदड़ मच गई। गोली लगने से मोनू घायल हो गया वह जान बचाने के लिए कलेक्ट्रेट गेट से घुस कर कचहरी में भागता हुआ अधिवक्ता विमल मिश्र के चेंबर में पहुंचा।
अधिवक्ता ने उसको बैठाया और घटना की जानकारी लेकर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच गोलियां चलने की आवाज सुनकर चंद कदमों की दूरी पर स्थित एसपी कार्यालय से पुलिस कर्मी दौड़ कर घटना स्थल पर आए। तब तक हमलावर असलहे लहराते हुए फरार हो गए। एसपी राजेश कृष्ण, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, फतेहगढ़ कोतवाल रजनीश और स्वाट टीम कचहरी पहुंची और घायल से घटना की जानकारी की। एंबुलेंस से उसको लोहिया अस्पताल लाया गया।
यहां के बाद उसको प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के भाई सोनू यादव ने मोहल्ला ग्वालटोली निवासी जोगेंद्र यादव, जिंदर यादव, गौरव, मोहल्ला सिविल लाइन निवासी प्रदीप, शीलू, प्रभात तथा तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर पूछताछ करनी शुरू कर दी है।