समझौते के बहाने बुुलाकर वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। एससीएसटी एक्ट के मुकदमे में समझौते के बहाने मंगलवार को घर से खेत पर बुलाकर वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजन शव के लेकर कोतवाली जा रहे रहे थे। रास्ते में ही पुलिस ने वाहन को रोक लिया। परिजनों ने चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव डूंगरपुर निवासी मनीष कुमार ने 21 मार्च को गांव के ही सुरेश तिवारी, अनमोल तिवारी, सर्वेश तिवारी, अनुराग व गौतम के खिलाफ जानलेवा हमले व एससीएसटी एक्ट का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने अनमोल व सर्वेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अनमोल सुरेश का इकलौता पुत्र है।
इससे वे दूसरे पक्ष से समझौते का प्रयास कर रहे थे। मंगलवार सुबह गांव के चार लोग सुरेश (65) के घर पहुंचे। इन लोगों ने मुकदमे में समझौता करवाने की बात कही तो सुरेश इनके साथ खेत चले गए। खेत में उन चारों लोगों ने सुरेश को जमकर पीटा। सुरेश के देर तक घर न आने पर पत्नी मीनू खेत पर गईं तो वहां मौजूद हमलावर उन्हें देखकर भाग गए।
मौके पर सुरेश मरणासन्न पड़े थे। मीनू परिजनों के सहयोग से पति सुरेश तिवारी को शहर के एक अस्पताल ले गईं। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव मोहम्मदाबाद कोतवाली ले जा रहे थे। तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने कारगिल पट्रोल पंप पर वाहन को रोक लिया। घटना की जानकारी पर सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। सीओ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया। इस पर परिजन मान गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि वृद्ध की मौत कैसे हुई है। परिजन के तहरीर देने पर मामला दर्ज किया जाएगा।