नवाबगंज। मायके में नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसका तीन माह पूर्व ही विवाह हुआ था। भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर परिजनों से जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के गांव धूरीहार निवासी राजवीर सिंह ने पुत्री सरिता (22) की शादी दो मई को जनपद मैनपुरी थाना भोगांव के गांव कल्याणपुर निवासी सचिन के साथ की थी। एक माह पहले भाई सुरजीत की पत्नी अनुपम की डिलेवरी को लेकर सरिता मायके में आई थी। सरिता की शुक्रवार की रात को पति सचिन से मोबाइल पर बात हुई। इसके बाद सरिता ने कमरे के कुंडे में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने रात में सरिता को लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। भाई सुरजीत ने बहनोई सचिन को घटना की जानकारी दी। ससुरालीजन मौके पर पहुंचे, लेकिन पति नहीं आया। सुरजीत ने आरोप लगाया कि बहनोई सहित ससुरालीजन दहेज में बाइक व सोने की चेन मांग कर बहन को प्रताड़ित करते थे। इससे तंग आकर बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सरिता दो भाई सुरजीत व रंजीत के बीच अकेली बहन थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि परिजन तहरीर देगें तो जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।