फर्रुखाबाद। फोटोग्राफर की हत्या का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। फोटोग्राफर के आरोपी को ब्लैक मेल करने पर हत्या की वारदात अंजाम दी गई। आरोपी ने फोटोग्राफर से प्रेमिका के साथ फोटो खिंचवाई थी। फोटोग्राफर के प्रेमिका से मिलने की जिद पर हत्या की गई। एसपी ने खुलासे पर टीम को पांच हजार रुपये का इनाम दिया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला पलरिया निवासी राजीव मिश्रा की दोस्ती कायमगंज कोतवाली के गांव सथैरा निवासी विपिन गंगवार से थी। विपिन शहर के आवास विकास कालोनी में किराए पर रहता था। 3 अक्तूबर को विपिन अपने साथ राजीव को बुला कर ले गया। इसके बाद दोनों ने नवाबगंज में शराब पी।
विपिन राजीव को बाइक से थाना नवाबगंज के गांव घुमइया रसूलपुर ले गया। यहां पर रोड के पास विपिन ने राजीव की गला कस कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को फेंक कर फरार हो गया था। यहां से विपिन आवास विकास कालोनी घर पर पहुंचा। यहां से ट्रैक्टर से सामान भर कर गाजियाबाद चला गया।
यहां कुछ दिन रुकने के बाद वह पहले भंटिडा और फिर बाद में राजस्थान के चितौड़ में किराए पर रहने लगा। इस बीच पुलिस की टीम ने सर्विलांस के सहारे विपिन को दबोच लिया। पुलिस उसे कोतवाली लेकर आई। रविवार को प्रभारी कोतवाल मेघनाथ सिंह ने एसपी राजेश कृष्ण के सामने आरोपी को पेश किया। एसपी ने वार्ता के दौरान कहा कि राजीव मिश्रा विपिन को ब्लैकमेल करता था।
इसी को लेकर विपिन ने उसकी हत्या कर दी। विपिन ने बताया कि उसकी प्रेमिका नवाबगंज इलाके की रहने वाली थी। वह भारतीय डिग्री कालेज में बीए फाइनल में पढ़ती है। उसने बताया कि राजीव से दोस्ती होने के कारण वह उसके यहां प्रेमिका को लेकर गया था। यहां प्रेमिका के साथ फोटो खिंचवा ली थी।
इसके बाद राजीव आए दिन उसे ब्लैकमेल करने लगा। एक बार उसने प्रेमिका से मिलवाने की बात कही। तब वह परेशान हो गया। उसने बताया कि वह राजीव को प्रेमिका से मिलवाने के बहाने बुला कर ले गया था। इसके बाद उसकी गला कस कर हत्या करने के बाद भाग गया।