थाने का घेराव कर रहे एक संप्रदाय के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
चेयरमैन को मोबाइल पर धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस ने रविवार रात को मदरसे के बच्चों को पूछताछ के लिए उठाया। जानकारी मिलने पर सोमवार को एक संप्रदाय के लोगों ने थाने का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर सीओ व उप जिलाधिकारी कायमगंज मौके पर पहुंच गए। सपा विधायक और अफसरों के समझाने पर लोग वापस लौटे।
बीते दिनों शमसाबाद नगर पंचायत के चेयरमैन विजय गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर कहा था कि कुछ लोगों ने उन्हें मोबाइल पर जानमाल की धमकी दी। मामले की छानबीन में लगी पुलिस ने रविवार रात कसबा स्थित मदरसा जामिया मुजीबिया फैजाने रजा में पढ़ने वाले कन्नौज के छात्र मुशर्रफ, शाहिद और अजमल को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
सोमवार को जानकारी मिलने पर विधायक अजीत कठेरिया थाने पहुंचे। विधायक एसओ ललितेश त्रिपाठी से इस संबंध में जानकारी कर रहे थे, तभी एक संप्रदाय के सैकड़ों लोगों थाने का घेराव करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी सुनकर एसओ ललितेश त्रिपाठी थाना गेट पर पहुंचे। थाने के अंदर घुसने को लेकर एसओ और ग्रामीणों के बीच जमकर नोकझोंक होने लगी। मामला बढ़ता देख घटना की जानकारी सीओ कायमगंज प्रकाश कुमार और एसडीएम कायमगंज अजीत कुमार को दी गई।
सूचना मिलने पर आनन-फानन में दोनों अफसर मौके पर पहुंचे। विधायक, सीओ व एसडीएम ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अफसरों ने कहा कि छात्रों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया जाएगा। सीओ कायमगंज ने बताया कि बच्चों से पूछताछ की जा रही है। अगर वह निर्दोष हुए तो छोड़ दिया जाएगा। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। मदरसा के हाफिज नजीब ने बताया कि पकड़े गए बच्चों के परिजन मुंबई में रहकर कामकाज करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है।