मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के एक गांव के बाग में प्रेमी युगल बेहोशी की हालत में पड़े मिले। दोनों के मुंह से झाग निकाल रहा था। पुलिस ने दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ने की बात कही है।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला 25 वर्षीय युवक का थाना कमालगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती 20 वर्षीया युवती से प्रेमप्रसंग है। युवक करीब ढाई महीने पहले घर से मजदूरी करने के लिए मैनपुरी रिश्तेदारी में चला गया था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के बाग में प्रेमी युगल बेहोशी हालत में पड़े हुए थे। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने यह देख पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
थाना प्रभारी संजीव राठौर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो प्रेमी युगल के मुंह से झाग निकाल रहा था। जानकारी पर युवक की मां, भाई के अलावा अन्य लोग भी आ गए। दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के एक भाई ने बताया कि युवती से उसके भाई का प्रेमप्रंसग है। युवती दूर की रिश्तेदार है। युवती की हालत खराब होने पर उसे सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
दोपहर तक युवती के घर से किसी के न आने पर युवक के परिवार के लोगों ने दोनों को एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।