फर्रुखाबाद। पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव के आदेश ऑपरेशन त्रिनेत्र के अनुपालन में जिला पंचायत रात अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के निर्देशों पर गुतासी स्कूल का प्रधानाध्यापक भारी पड़ रहा है। कई बार पत्र लिखने के बावजूद अभी तक स्कूल में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए। इससे स्कूल में हो रहे मनमाने कार्यों पर पर्दा पड़ा हुआ है।
बढ़पुर ब्लाक के गांव गुतासी के प्रधान आशीष मिश्रा ने पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव के ऑपरेशन त्रिनेत्र के अनुपालन में उच्च प्राथमिक विद्यालय के सभी कक्ष कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पत्र लिखा था। उनके पत्र का संज्ञान लेकर बीएसए, बीईओ ने कई बार रिमाइंडर देकर प्रधानाध्यापक को कैमरे लगवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मनमानी के चलते अभी तक कैमरे नहीं लगवाए गए। विभागीय अफसरों ने आदेशों का अनुपालन न करने वाले प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई करने की जरूरत भी नहीं समझी। ग्राम प्रधान के पत्र का संज्ञान लेकर बीएसए को पत्र लिखा। जिसमें लिखा कि गुतासी के प्रधानाध्यापक अपर मुख्य सचिव के आदेशों का अनुपलान भी नहीं कर रहे हैं। शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरा लगवाते हुए अपने स्तर से कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि इसमें प्रधान और ग्राम सचिव का सहयोग करके एक सप्ताह में ऑपरेशन त्रिनेत्र का अनुपलान कराना सुनिश्चित करें।