शहर कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी वसूलने को लेकर हुए विवाद में दोस्त ने दोस्त को गोली मारकर घायल कर दिया। सादे कपड़ों में पहले से लगी पुलिस ने हमलावर तथा उसके साथियों का पीछा किया। सोता नाला में हमलावर तथा उसके साथी कूद गए। पुलिस ने मऊदरवाजा क्षेत्र की कटरी में सघन कांबिंग की। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार विशाल कश्यप (27) निवासी सेनापति और लक्की पाल निवासी अंगूरीबाग के बीच एक अर्से से दोस्ती थी। दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। लक्की पाल एक माह पहले अपने दोस्त शिवम निवासी कादरीगेट की गोली मारकर हत्या कर चुका है। नामजद रिपोर्ट होने के बाद भी उसे पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी
। मंगलवार को विशाल कश्यप ने लक्की पाल से 10 हजार रुपये मांगे। पुलिस को जानकारी लगी कि लक्की पाल और विशाल रंगदारी वसूल करने जा रहे हैं। पुलिस सादा कपड़ों में तैनात हो गई। इसी दौरान यह दोनों साहबगंज चौराहा पर एकत्र हुए और गंगादरवाजा स्थित विधायक नरेंद्र सिंह की पीली कोठी के पास पहुंचे।
वहां लक्की पाल और विशाल कश्यप के बीच विवाद होने लगा। लक्की पाल के साथ मौजूद तीन अन्य अज्ञात लोगों ने विशाल को घेर लिया। लोहिया अस्पताल में जाने के बाद विशाल ने बताया कि लक्की पाल के लोगों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी और बाद में उसके कनपटी में गोली मार दी। पुलिस के पहुंचने पर यह लोग कटरी की तरफ भाग लिए।
वहां मौजूद सादा कपड़ों में तैनात पुलिस ने इन लोगों का पीछा किया। हमलावर अपने साथियों के साथ सोता नाला में कूद गया। पुलिस नाव का इंतजार करती रही, तब तक वह फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कटरी में सघन कांबिंग की लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं लग सका है।