कायमगंज नगर के प्रथम फीडर की फुंकी केबिल को बदलवाकर 24 घंटे में सप्लाई
देने का एसडीओ का आश्वासन हवाई साबित हुआ। रेलवे लाइन के दोनों ओर सात फीट
गहरा गड्ढा खोदने के लिए एक मजदूर लगाया गया है। इससे तीन दिन तक बिजली न
मिलने के आसार हैं। विभागीय ठेकेदार और अधिकारी की लापरवाही से काम की गति
धीमी है। शनिवार रात से बिजली गुल होने के कारण लोग गर्मी के साथ वह बूंद
बूंद पानी को भी परेशान हैं।
शनिवार रात 12 बजे से रेलवे लाइन के पास
नगर के प्रथम फीडर की केबिल जल गई थी। इस कारण एक हजार से अधिक घरों की
बत्ती गुल है। आपूर्ति ठप होने के कारण गुस्साए लोगों को एसडीओ ने 24 घंटे
में केबिल डलवाने का रविवार को आश्वासन दिया था। बावजूद इसके सोमवार शाम तक
केबिल डालने के लिए गड्ढे की खुदाई का काम तक पूरा नहीं हो सका। खास बात
यह है कि सात फीट गड्ढा खुदाई के लिए विभागीय ठेकेदार ने एक मजदूर लगाया
है।
ऐसे में गड्ढा खोदने में ही तीन दिन लग जाएंगे। इस कारण लोगों को तीन
दिन तक बिजली मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। मौके पर पहुंचे एसडीओ जेराम
ने बताया कि मंगलवार की सुबह तक केबिल डालकर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी
जाएगी। इस खुदाई के लिए कितने रुपये का ठेका हुआ है। इस पर एसडीओ ने कहा कि
ठेके के संबंध में कोई
जानकारी नहीं है। वह सिर्फ काम देखने आए थे। गड्ढा
खुदवाने का कार्य ठेकेदार का है। वह जितने चाहे मजदूर लगाकर गड्ढे को
खुदवाएं। उधर, दो दिन से बिजली न होने के कारण पानी का भी संकट गहरा गया
है। शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए हैंडपंप पानी के लिए एक मात्र सहारा बने
हुए है।
कैसे भी दिलाएंगे बिजली-एक्सईएन
एक्सईएन
अमर सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी। इस मामले को दिखवा
कर शीघ्र गड्ढे की खुदाई कराएंगे और केबिल को डलवाकर बिजली आपूर्ति की
जाएगी।