फर्रुखाबाद। निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्य को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तिथि बढ़ा दी है। अब 10 से 15 दिसंबर तक बेसिक स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं होंगी।
शिक्षा निदेशक बेसिक प्रताप सिंह बघेल ने 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान निर्वाचन कार्य में अधिकतर शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। इससे बच्चों की पढ़ाई पर भी संकट गहरा गया। इससे अब अर्द्धवार्षिक परीक्षा 10 दिसंबर को शुरू होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक होगी, जबकि कक्षा दो से आठ तक की परीक्षा लिखित एवं मौखिक होगी।
बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तिथि बदले जाने के निर्देश मिल गए हैं। 10 से 15 दिसंबर तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले के 1576 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.49 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। (संवाद)