फर्रुखाबाद। नगरपालिका के खेल में प्रशासन का सहयोग मिला तो रास्ते के रोड़े भी हटाए जाने लगे हैं। पहले बीमारी के अवकाश पर गईं ईओ की जगह प्रभारी ईओ को तैनात कर दिया गया। खेल आसान करने के लिए प्रभारी ईओ ने कायमगंज नगरपालिका के करीबी जेई को भी संबद्ध करा लिया। इससे यहां तैनात पीडब्ल्यूडी के जेई को प्रभार से हटा दिया गया।
नगरपालिका परिषद के विकास कार्यों में मनमानी की शिकायत के बाद कुछ शिकंजा कसा तो पाले खिंच गए। मनमानी के चलते करोड़ों के टेंडर शासनादेश की अनदेखी कर करीबियों को सौंप दिए गए। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि दिलीप भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से शिकायत की तो तत्कालीन डीएम ने जांच कराई।
शिकायत सही मिलने पर टेंडर निरस्त कर दिए गए। दोबारा हुई टेंडर प्रक्रिया में नियमानुसार गैर पंजीकृत ठेकेदारों ने भागीदारी की तो कम दर पर टेंडर पड़े। इससे पुराने घाघ ठेकेदार मुंह ताकते रह गए। इसी के बाद ईओ रश्मि भारती की खिलाफत शुरू हो गई। ईओ ने डीएम से पालिकाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत की।
फरवरी के पहले सप्ताह में ईओ ने 17 करोड़ के विकास कार्यों की टेंडर के लिए आनलाइन फीडिंग करा दी। खेल बिगड़ता देख सभासद ईओ के खिलाफ लामबंद हो गए। इसमें भाजपा के 11 सभासद भी शामिल रहे। इस बीच 7 फरवरी को ईओ रश्मि बीमार पड़ने से अवकाश पर चली गईं। 11 फरवरी को कायमगंज की ईओ सीमा तोमर को अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया।
16 फरवरी को जब ईओ रश्मि भारती लौटीं तो उन्हें चार्ज नहीं दिया गया। इसे लेकर दोनों ईओ में जमकर नोकझोंक भी हुई। हालांकि प्रशासन के सहयोग के चलते प्रभारी ईओ भारी पड़ीं और रश्मि भारती को वापस जाना पड़ा।
इसके बाद प्रभारी ईओ ने शिकायत की कि पीडब्ल्यूडी के नगरपालिका में संबद्ध जेई सुहेल अहमद दायित्वों का पालन नहीं कर रहे हैं। इस पर एडीएम ने जेई सुहेल से भार हटाते हुए प्रभारी ईओ सीमा तोमर के करीबी कायमगंज नगरपालिका के जेई मिथुन कुमार को नगरपालिका परिषद से संबद्ध कर दिया। इससे मनमानी का रास्ता साफ हो गया।
इनकी भी सुनें
अवर अभियंता सुहेल अहमद ने बताया कि नगरपालिका का प्रभार हटने का उन्हें मलाल नहीं है। आदेश में दायित्वों का पालन न करने का जो तथ्य दिया गया है, वह गलत है। ईओ को प्रभार हटाने से पहले उन्हें नोटिस देना चाहिए था।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
अपर जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च की क्लोजिंग की वजह से विभागीय कार्य बाधित न हो इसके लिए पीडब्ल्यूडी जेई के पास से प्रभार हटाया गया है। कायमगंज नगरपालिका के अवर अभियंता मिथुन कुमार दोनों नगरपालिकाओं का काम आसानी से कर लेंगे। अवर अभियंता प्रभारी ईओ के करीबी हैं या नहीं, इससे कोई लेनादेना नहीं है।