फोटो-9 लोहिया अस्पताल की सेंट्रल लैब में रखरखाव की जांच करके डॉ. सलमान खान। संवाद
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल की सेंट्रल लैब को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) के सर्टिफिकेट के लिए राज्य स्तरीय टीम ने निरीक्षण किया। जांच के लिए आए अधिकारियों ने लैब में काम कर रहे कर्मियों से कोरोना के वक्त काम आने वाली पीपीई किट पहनने का तरीका पूछा तो वह चुप्पी साध गए। इस बिंदु को उन्होंने चेकलिस्ट में अंकित किया।
एनक्वास की राज्य स्तरीय टीम में शामिल डॉ. सलमान खान और डॉ. आरिफ बेग अपनी चेकलिस्ट के साथ लोहिया अस्पताल की सेंट्रल लैब पहुंचे। उनके साथ मौजूद सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा और क्वालिटी मैनेजर रजा खान ने सबसे पहले कर्मियों से परिचय कराया। इसके बाद टीम निर्धारित मानक के अनुरूप साथ में लाए चेकलिस्ट के अनुसार बिंदुवार जांच शुरू की।
उन्होंने लैब में मौजूद मशीनों के रखरखाव, संचालन और सफाई को देखा। कुछ मशीनों और स्लैब पर धूल मिली। दोनों अधिकारी अलग-अलग कर्मियों से सवाल करके जवाब ले रहे थे। देर शाम तक अधिकारी जांच करते रहे। क्वालिटी मैनेजर रजा ने बताया कि राज्य स्तर पर कम से कम 75 फीसदी अंक लाने होंगे। इतने अंक आने पर राष्ट्रीय स्तर की एनक्वास टीम के लिए चयन हो सकेगा। टीम के दोनों अधिकारी शाम तक जांच करते रहे।