कायमगंज। पंचायत चुनाव को लेकर डीएम और एसपी ने थानाध्यक्षों, आरओ और सभी एसडीएम को सख्त निर्देश दिए हैं। गड़बड़ी फैलाने वालों को चिह्नित कर लाखों की राशि से अनुबंधित करने के लिए कहा गया। चुनाव के दौरान झगड़ा करने वालों का शांतिभंग में चालान कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी एसके सिंह और एसपी राजेश कृष्ण ने रविवार को सीपी सभागार में प्रथम चरण में नवाबगंज और कायमगंज ब्लाक में होने वाले प्रधान पद के चुनाव की रणनीति बनाई। उन्होंने सभी सर्किल के थानाध्यक्षों, सीओ, कायमगंज, शमसाबाद और नवाबगंज के आरओ, लेखपालों और उपजिलाधिकारियों को चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ 107/16 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि ऐसे लोगों को कम से कम 5 लाख और अधिक से अधिक 50 लाख रुपये में पाबंद किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान झगड़ा करने वालों को शांतिभंग की धारा में चालान कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाए। उन्होंने बताया कि कायमगंज ब्लाक के 48 और नवाबगंज ब्लाक के 47 अतिसंवेदनशील बूथों पर सीआरपीएफ लगाकर चुनाव संपन्न कराया जाएगा। एसपी राजेश कृष्ण ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्वक और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए एक सेक्शन सीआरपीएफ बुलाई गई है।
सोमवार से तलाशी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव छोड़कर शहर में रहने वाले ग्रामीणों के भी असलहे जमा कराए जाएंगे। गड़गड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने बताया कि क्षेत्र के हिस्ट्री शीटरों पर कड़ाई से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं । जिन ग्राम सभाओं में 3 से कम प्रत्याशी मैदान में हैं , वहां अधिक से अधिक लोगों को पाबंद करने के निर्देश थानाध्यक्षों को दिए गए हैं। इस दौरान एडीएम मनोज सिंहल, एसडीएम अमित कुमार सिंह, सीओ प्रकाश कुमार, एसएचओ रूम सिंह यादव, मेरापुर थानाध्यक्ष केबी सिंह आदि मौजूद रहे।