कायमगंज। बिजली विभाग ने सोमवार को कैंप लगाकर 12 लाख रुपये वसूले। एक्सईएन ने बताया कि मंगलवार को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कैंप लगाया जाएगा साथ ही जल्द ही शहर में बिल जमा करने के लिए केंद्र बनाया जाएगा।
नगर में गिरते राजस्व को देखते हुए शासन की नजर टेढ़ी करने पर अधिकारियों ने घर-घर जाकर वसूली अभियान की रविवार को शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत सोमवार को एक्सईएन अमर सिंह ने पटवनगली स्थित वाटर बाक्स कंपाउंड में कैंप लगाया। यहां उपभोक्ताओं ने शाम तक 12 लाख रुपये जमा किए।
एक्सईएन ने बताया कि मंगलवार को भी कैंप लगा कर उपभोक्ताओं के बकाया बिल जमा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कायमगंज में राजस्व कम जमा होने का कारण भुगतान केंद्र का शहर से तीन किलोमीटर दूर रूटौल उपकेंद्र में होना है। उन्होंने कहा कि अधिक दूरी होने के कारण उपभोक्ताओं को आने जाने में असुविधा को देखते हुए चिलांका मोहल्ला में स्थित नलकूप के पीछे पड़ी भूमि पर कार्यालय बनाने की योजना है।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र के बन जाने से उपभोक्ताओं को रूटौल तक नहीं जाना पड़ेगा। वह आसानी से अपने बिलों को जमा कर सकें गे । यहां वह बिजली समस्या की शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान एसडीओ गौरव कुमार, जेई विनोद कुमार, विजय पाल यादव आदि मौजूद रहे।